रायपुर. Central Bureau of Investigation (CBI) ने खेल कोटे से हुई भर्ती में कथित अनियमितताओं और गड़बड़ी के मामले में शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए South East Central Railway के रायपुर और बिलासपुर रेल मंडल कार्यालयों में एक साथ दबिश दी। जांच के दौरान दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम शनिवार सुबह Raipur DRM Office और Bilaspur DRM Office पहुंची, जहां कई घंटों तक दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की गई। खेल कोटे से हुई नियुक्तियों में नियमों की अनदेखी, दस्तावेजों में हेराफेरी और अयोग्य अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है।
सीबीआई ने बी. राजशेखर राव को दुर्ग स्थित न्यू पुलिस लाइन इलाके में उनके निवास से हिरासत में लिया, जबकि रामा लक्ष्मी को रायपुर डीआरएम कार्यालय से पकड़ा गया। सूत्रों के मुताबिक, दोनों के ठिकानों पर तलाशी के दौरान लाखों रुपये नकद और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी इस मामले में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।







