रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस चरण में प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारी जुटाई जाएगी। जनगणना का काम फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रदेशभर में 72 हजार 769 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी। खास बात यह है कि इस बार पूरी जनगणना डिजिटल माध्यम से होगी। नागरिक 10 से 24 जनवरी 2027 तक घर बैठे स्व-गणना कर सकेंगे, जबकि 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या की गणना करेंगे। स्व-गणना करना पूरी तरह ऐच्छिक होगा।
10 जनवरी से शुरू होगी स्व-गणना की सुविधा
जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण में 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा दी जाएगी। इस दौरान लोग स्वयं अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जानकारी जमा करने के बाद एक आईडी जनरेट होगी, जिसे प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा।
इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। वहीं, 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण का काम किया जाएगा। स्व-गणना अनिवार्य नहीं है। जो नागरिक ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं करेंगे, उनसे प्रगणक घर पहुंचकर जानकारी एकत्र करेंगे।
प्रदेश में तैनात होंगे 72,769 प्रगणक और पर्यवेक्षक
जनगणना के दूसरे चरण को पूरा करने के लिए प्रदेश में बड़े स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था की गई है। इसके तहत सभी 33 जिलों, 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 नगरीय क्षेत्रों में जनसंख्या गणना होगी।
इसके लिए प्रदेश में अनुमानित 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मियों सहित 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी। इस तरह कुल 72,769 कर्मचारी जनगणना की जिम्मेदारी संभालेंगे। व्यवस्था के अनुसार, लगभग छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक तैनात रहेगा।
हर गणना ब्लॉक में करीब 800 लोगों की आबादी
जनगणना के लिए प्रत्येक गणना ब्लॉक में लगभग 800 लोगों की आबादी शामिल की जाएगी। पहले चरण में तैयार किए गए मकान सूचीकरण ब्लॉकों को दूसरे चरण में गणना ब्लॉक में बदला जाएगा। अधिक आबादी वाले क्षेत्रों को जरूरत के अनुसार उप-गणना ब्लॉकों में विभाजित किया जाएगा।
इस प्रक्रिया में नई बसाहटों, झुग्गी बस्तियों, बहुमंजिला इमारतों और आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों को भी शामिल किया जाएगा। मकान सूचीकरण ब्लॉकों की सीमाओं में विसंगतियों, दोहराव और छूटे हुए क्षेत्रों का निराकरण 30 नवंबर 2026 तक करने के निर्देश दिए गए हैं।
धर्म, जाति और दिव्यांगता से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे
डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल वृषाली वराडे ने बताया कि दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की व्यक्तिगत जनगणना की जाएगी। इसमें जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारियां जुटाई जाएंगी। निर्धारित प्रश्नों में प्रजनन, दिव्यांगता, धर्म और जाति जैसे महत्वपूर्ण विषय भी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और राज्यों की विकास योजनाओं तथा नीतियों के निर्माण का आधार बनते हैं। इसलिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण तथा आंकड़ों की शुद्धता बेहद जरूरी है।
जनगणना कर्मियों को पांच चरणों में मिलेगा प्रशिक्षण
जनगणना की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था तैयार की गई है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स और जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।
फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर 2026 तक जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
16 भाषाओं में उपलब्ध होगा मोबाइल एप
इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। इसके लिए विशेष मोबाइल एप विकसित किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी एप में ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी।
वहीं, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) पोर्टल के माध्यम से गणना ब्लॉकों का गठन, कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपने, प्रशिक्षण और कार्यों की निगरानी की जाएगी। नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के लिए पासवर्ड, OTP और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल होगा।
जनगणना कर्मियों के तबादलों पर रोक
मुख्य सचिव विकासशील ने सभी जिला कलेक्टरों और संभागायुक्तों को जनगणना का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रगणकों का प्रशिक्षण, नियमित पर्यवेक्षण और मॉनिटरिंग इस अभियान की सफलता के प्रमुख आधार हैं।
उन्होंने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा। साथ ही नागरिकों को यह स्पष्ट करने के निर्देश दिए कि जनगणना में दी गई जानकारी केवल आंकड़े जुटाने के उद्देश्य से ली जाती है। इसका किसी प्रमाण पत्र या अन्य सरकारी पात्रता से कोई संबंध नहीं है।
दिसंबर से फरवरी तक चलेगा जागरूकता अभियान
जनगणना के प्रति नागरिकों में विश्वास और सहयोग बढ़ाने के लिए दिसंबर 2026 के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों, बस्तर के हाट-बाजारों और नगरीय इलाकों में लोगों को जनगणना की प्रक्रिया, महत्वपूर्ण तारीखों और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जाएगा।
मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को जनगणना का काम गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यशाला में डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल वृषाली वराडे, अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक, जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल सहित प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।









