Thursday, April 30, 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र आज से, महिला आरक्षण पर होगी चर्चा; सियासत गरमाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र आज सुबह 11 बजे से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र का मुख्य एजेंडा महिला आरक्षण यानी ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर चर्चा करना है। सत्र शुरू होने से पहले ही प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और सत्तापक्ष व विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, विशेष सत्र में सरकार जहां महिला आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा करेगी, वहीं कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की भी तैयारी में है। सत्र की कार्यवाही का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि आम जनता भी इसकी जानकारी ले सके।

सत्र से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बीजेपी विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित होगी, जिसमें रणनीति तय की जाएगी।

इधर, कांग्रेस ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है और महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला कर्मियों पर सत्र में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। कांग्रेस ने इस संबंध में एक सूची जारी करते हुए कहा है कि राजनीतिक लाभ के लिए सरकारी सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है।

कुल मिलाकर, महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर होने वाला यह विशेष सत्र राजनीतिक रूप से भी काफी अहम और गरम रहने के संकेत दे रहा है।