Saturday, November 28, 2026

छत्तीसगढ़ शराब घोटाले का आरोपी विकास अग्रवाल UAE से गिरफ्तार होकर भारत लाया गया, 30 नवंबर तक EOW रिमांड पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 1280 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को UAE से भारत लाया गया है। शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे उसे रायपुर की रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पूछताछ के लिए आरोपी को 30 नवंबर तक ACB-EOW की रिमांड पर सौंप दिया है। शराब सिंडिकेट में विकास अग्रवाल को फंड मैनेजर यानी मनीमैन की अहम भूमिका में बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, विकास अग्रवाल के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसके आधार पर UAE की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद CBI ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत लाया। बताया जा रहा है कि विकास UAE में रहकर बोस्टन नाम की कंपनी में मैनेजर के पद पर काम कर रहा था।

देर रात रिमांड कोर्ट में हुई पेशी, 30 नवंबर तक पूछताछ

शुक्रवार रात विकास अग्रवाल को रायपुर लाया गया, जिसके बाद करीब 11:30 बजे उसे रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। ACB कोर्ट में जज की अनुपस्थिति के कारण आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश करना पड़ा।

ACB-EOW की ओर से शराब घोटाले में आरोपी की भूमिका और वित्तीय लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच के लिए पूछताछ की मांग की गई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने विकास अग्रवाल को 30 नवंबर तक EOW की रिमांड पर सौंप दिया।

रात 12:33 बजे EOW के अधिकारी आरोपी को कोर्ट से लेकर ACB-EOW कार्यालय पहुंचे। अब सोमवार को उसे दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।

बचाव पक्ष ने प्रत्यर्पण संधि का दिया हवाला

कोर्ट में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने दलीलें पेश कीं। उन्होंने भारत और UAE के बीच प्रत्यर्पण संधि और प्रत्यर्पण अधिनियम का हवाला देते हुए कहा कि आरोपी पर उन्हीं अपराधों के तहत कार्रवाई और ट्रायल किया जा सकता है, जिनके आधार पर उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया है।

बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि प्रत्यर्पण के आधार से अलग कोई नया अपराध नहीं जोड़ा जाना चाहिए। इसके साथ ही आरोपी को UAE से भारत लाने की प्रक्रिया से संबंधित दस्तावेज भी कोर्ट में पेश करने की मांग की गई।

पूछताछ के दौरान मानवाधिकारों की सुरक्षा की मांग

बचाव पक्ष ने कोर्ट से यह भी आग्रह किया कि पूछताछ के दौरान आरोपी के मानवाधिकारों का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। इसके लिए एजेंसी के किसी अधिकृत अधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग की गई, ताकि पूछताछ की प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सके।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने EOW की रिमांड याचिका स्वीकार कर ली। अब जांच एजेंसी आरोपी से शराब घोटाले में उसकी कथित भूमिका, फंड मैनेजमेंट और पैसों के लेनदेन को लेकर पूछताछ करेगी।