यूक्रेन पर रूस की बमबारी सोमवार को पांचवें दिन भी जारी है। इसी बीच बेलारूस, रूस का साथ देने के लिए यूक्रेन में सैनिकों को भेजने की तैयारी कर रहा है। इसके पहले दोनों देश बेलारूस में बातचीत करने के लिए सहमत हुए। दूसरी तरफ, इस टकराव को रोकने और रूस पर दबाव बनाने की कोशिशें भी चल रही हैं। इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के स्पेशल इमरजेंसी सेशन में भेजने के लिए सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में वोटिंग हुई। प्रस्ताव के पक्ष में 11 और विपक्ष में 1 वोट पड़ा। भारत, चीन और UAE ने फिर वोटिंग से दूरी बनाए रखीराजधानी कीव के मेयर ने न्यूज एजेंसी AP को बताया है कि कीव से बाहर निकलने के रास्ते बंद हो चुके हैं। रूसी सेना ने हमें चारों तरफ से घेर लिया है। अधिकारियों का दावा है कि रूस ने बेलारूस से यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइलें लॉन्च की हैं। यूक्रेन के पलटवार में रूस ने भी अपने कई सैनिकों के मारे जाने की बात कबूली है। हालांकि, अब तक कोई संख्या नहीं बताई गई।











