Tuesday, May 5, 2026

ड्यूटी करने पहुंचा कोविड पॉजिटिव अधिकारी:कुष्ठ जागरूकता रथ को CMHO के साथ दिखाई हरी झंडी, मास्क गले में था; यहां एक महीने में हुई 12 की मौत

धमतरी जिले में कोरोना संक्रमित होने के बाद भी एक अधिकारी ड्यूटी पर पहुंच गया। यहां तक कि उन्होंने CMHO के साथ मिलकर कुष्ठ जागरूकता रथ को हरी झंडी भी दिखाई। लापरवाही की तस्वीर भी सामने आई है। जिसमें अधिकारी मास्क को मुंह में लगाने के बजाए गले में टांगे हुए नजर आ रहा हैं।

जिले के CMHO कार्यालय में डीपीएम के पद पर राजीव बघेल पदस्थ हैं। पता चला है कि उनकी 29 जनवरी को ही रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बावजूद वो सोमवार को ड्यूटी पर पहुंच गए। फिर भी किसी अधिकारी ने कोई आपत्ती नहीं जताई। सोमवार को सीएमएचओ कार्यालय में कुष्ठ जागरूकता रथ की रैली भी निकाली गई। इसमें राजीव बघेल शमिल हो गए। उन्होंने सीएमएचओ डी के तुर्रे और अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर इस रथ को हरी झंडी दिखाई। इसी कार्यक्रम के बाद ही इस लापरवाही की तस्वीर सामने आई है।

घटना के सामने आने के बाद CMHO कार्यालय ने सोमवार को आदेश जारी किया है। इस आदेश में भी कहा गया है कि राजीव बघेल आपकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव है। इसलिए 04 जनवरी तक आपको छुट्‌टी दी जाती है। इस संबंध में जब सीएमएचओ और राजीव बघेल से भी बात करने की कोशिश की गई। मगर उनसे बात नहीं हो सकी है।