Sunday, May 31, 2026

तेज आंधी-तूफान बना काल: पेड़ की डाल गिरने से तीन दोस्तों की मौत, कई जिलों में बारिश से राहत के साथ आफत

कोरबा/बिलासपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। जहां दोपहर में तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे, वहीं शाम होते-होते कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश ने दस्तक दी। बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई जगहों पर यह आफत बनकर भी सामने आई।

कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरका दांड गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज आंधी-तूफान और बारिश से बचने के लिए तीन युवक एक पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी अचानक पेड़ की एक बड़ी डाल गिर गई। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान शिवराम टेकाम (14 वर्ष), कमलेश बड़ा (18 वर्ष) और दिनेश तिर्की (17 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आपस में दोस्त थे और एक ही गांव के निवासी थे। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर में बारिश से राहत, लेकिन बिजली व्यवस्था फेल

वहीं बिलासपुर में नवतपा की भीषण गर्मी के बीच शनिवार शाम मौसम ने करवट ली। शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश से लोगों को राहत मिली। हालांकि बारिश शुरू होते ही शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। लगातार ब्लैकआउट की स्थिति ने विद्युत विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रायगढ़ में जलभराव और बिजली ठप

रायगढ़ में भी तेज आंधी-तूफान के बाद जमकर बारिश हुई। बारिश के कारण शहर की सड़कों पर पानी भर गया और जनजीवन प्रभावित हुआ। आंधी के चलते विद्युत व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई, जिससे कई इलाकों में पिछले तीन घंटे से बिजली गुल है।

इसके अलावा सुभाष चौक में एक बड़ा होर्डिंग सड़क पर गिर गया। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई लोग बाल-बाल बच गए।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में इसी तरह मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।