बालोद। भानुप्रतापपुर-दल्लीराजहरा मार्ग पर सोमवार सुबह दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि जायलो (SUV) में सवार लोग ट्रक की टक्कर के बाद वाहन में ही बुरी तरह फंस गए। मरने वालों में एक बच्चा, चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
कैसे हुआ हादसा?
घटना बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के चौरापावड़ के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, जायलो में कुल 13 लोग सवार थे, जिनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल थे। ये सभी डौंडी से गुरेदा लौट रहे थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने SUV को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जायलो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग चीख-पुकार करने लगे।
स्थानीय लोगों ने की मदद
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अशोक जोशी ने बताया कि घायलों को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
फरार ट्रक चालक की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।









