कोरबा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में बुधवारी बाजार स्थित गांधी प्रतिमा के सामने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि रायपुर के माना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में प्रशासन द्वारा बुलडोजर कार्रवाई कर मकानों को तोड़ना संवेदनहीन कदम है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ना निंदनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक कॉलोनी निर्माण के नाम पर की गई इस कार्रवाई का कई विधायक भी विरोध कर चुके हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि सरकार की कार्रवाई मानवता के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायकों के लिए पूरे गांव को उजाड़ना गरीबों के अधिकारों का हनन है और कांग्रेस इसका लगातार विरोध करती रहेगी।








