दुर्ग। नाबालिग से गैंगरेप के सनसनीखेज मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी पीडब्ल्यूडी के टाइम कीपर राजू कश्यप उर्फ कृपा शंकर को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद दुर्ग पुलिस की विशेष टीम उसे लेने के लिए उत्तर प्रदेश रवाना हो गई है।
घटना के बाद से था फरार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राजू कश्यप मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले का निवासी है। पीडब्ल्यूडी में नौकरी लगने के बाद वह अपने परिवार के साथ दुर्ग में रह रहा था। नाबालिग से गैंगरेप का मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार हो गया था और लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था।
रिश्तेदारों के यहां छिपा था आरोपी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस से बचने के लिए आरोपी गोरखपुर में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपकर रह रहा था। दुर्ग पुलिस को लगातार इनपुट मिल रहे थे कि आरोपी राज्य से बाहर भाग चुका है, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
तकनीकी साक्ष्यों से हुई गिरफ्तारी
दुर्ग पुलिस की टीमों ने आरोपी की तलाश में सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड), टॉवर लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों का सहारा लिया। लगातार ट्रैकिंग के दौरान जब उत्तर प्रदेश में आरोपी के मोबाइल की लोकेशन स्पष्ट हुई, तो पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
दुर्ग लाया जा रहा आरोपी
फिलहाल आरोपी को उत्तर प्रदेश से दुर्ग लाने की प्रक्रिया चल रही है। दुर्ग पहुंचने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपियों और घटनाक्रम से जुड़े पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।









