पंजाब के अमृतसर में बीती रात गोल्डन टेंपल की तरफ जाने वाले रास्ते में एक युवक का दो निहंगों के साथ झगड़ा हो गया। युवक ने शराब पी रखी थी और निहंग सिखों के सामने हाथ में पकड़ा नशीला पदार्थ मुंह में डालने लगा। इसी दौरान उनका झगड़ा हो गया।
झगड़े में एक निहंग सिख की पगड़ी (दस्तार) उतर गई और गुस्से में दो निहंगों और एक सिख युवक ने मिलकर युवक पर तलवार से हमला कर दिया। घटना में बुरी तरह घायल युवक की मौत हो गई। निहंगों के साथ युवक पर हमला करने वाले तीसरे सिख युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। निहंग सिखों की पहचान चरणजीत सिंह व तरुणदीप सिंह के तौर पर हुई है।
यह घटना गोल्डन टेंपल के पास बाजार कइयां वाला की है। तरनतारन रोड चाटीविंड निवासी हरमनजीत सिंह (35) रात घर से गोल्डन टेंपल की तरफ जा रहा था। रास्ते में एक होटल के सामने वह खड़ा था। उसने शराब पी रखी थी और उसके हाथ में कुछ नशीला पदार्थ था, जिसे वह मुंह में डालने लगा था। तभी दो निहंग सिख वहां से गुजरे। उन्होंने हरमनजीत सिंह को रोका और झगड़ा शुरू हो गया। दोनों निहंगों व एक सिख युवक ने हरमनजीत के साथ हाथापाई शुरू कर दी।








