Tuesday, July 7, 2026

पहली बारिश में खुली घटिया निर्माण की पोल, 15 दिन पहले बना रेलवे ओवरब्रिज फटा, करोड़ों की पुलिया भी टूटी

करीब 60-70 फीट लंबी और 10-12 सेंटीमीटर चौड़ी दरारें आ गई।राजनांदगांव/कोरबा। छत्तीसगढ़ में पहली ही बारिश ने करोड़ों रुपये की निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनांदगांव जिले के बरगा रेलवे ओवरब्रिज में लोकार्पण के महज 15 दिन बाद 60-70 फीट लंबी और 10-12 सेंटीमीटर चौड़ी दरारें पड़ गईं, जिससे पुल दो हिस्सों में बंटा नजर आया। वहीं आलीवारा ओवरब्रिज की सड़क बह गई, बाउंड्री वॉल टूट गई और कई स्थानों पर बेस धंस गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर दी है।

इधर, कोरबा जिले के भैसामुड़ा स्थित जोगीनाला पर करोड़ों रुपये की लागत से बनी पुलिया भी पहली बारिश में तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया का एक हिस्सा बह जाने से आवागमन प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।