Tuesday, August 18, 2026

भाजपा से निलंबित विधायक राजा सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में बंद का एलान, हैदराबाद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हैदराबाद। पैगंबर मोहम्मद के बारे में अपमानजनक टिप्पणी को लेकर निलंबित भाजपा विधायक राजा सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में आज बंद का आह्वान किया गया है। इसे देखते हुए हैदराबाद पुलिस ने गोशामहल निर्वाचन क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सुरक्षा कड़ी कर दी है। दरअसल, निलंबित भाजपा विधायक टी राजा सिंह के समर्थकों द्वारा उनकी गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को बंद का आह्वान किया गया था। श्रीराम युवा सेना ने इस बंद का आह्वान किया था।

टी राजा सिंह की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ प्रिवेंटिव डिटेंशन (पीडी) एक्ट के विरोध में गोशामहल निर्वाचन क्षेत्र में आज बंद का ऐलान किया गया है। वहीं, पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बेगम बाजार, गोशामहल, मंगलहट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। बेगम बाजार में कुछ व्यापारियों ने बंद के आह्वान को देखते हुए अपनी दुकानों को बंद रखा है।