
बिलासपुर में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के करीबी पंकज सिंह के खिलाफ दर्ज FIR मामले में अब कांग्रेस में ही घमासान शुरू होता दिखा रहा है। पंकज के समर्थन में उतरे विधायक शैलेष पांडेय ने जहां इस पूरी कार्रवाई को बदले की कार्रवाई बताया था। अब शैलेष के इस बयान को कांग्रेस की ही प्रदेश महामंत्री और पर्यटन मंडल अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव ने बिल्कुल गैर जिम्मेदाराना बताया है। अटल ने कहा है कि विधायक का ये बयान अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
बुधवार को मीडिया से चर्चा करते हुए अटल ने कहा कि विधायक के बयान पर पार्टी में चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने कार्रवाई की है तो ये न्याय संगत है। पुलिस पर कार्रवाई करने का कोई दबाव नहीं है। ये पुलिस की कार्रवाई का हिस्सा है।
बिलासपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद नायक ने कहा है कि बुधवार को जो भी गतिविधियां हुईं, उसकी जानकारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को दे दी गई है। इसमें घटनाओं का आडियो-वीडियो भी शामिल है। आगे की कार्रवाई हाईकमान तय करेगी।











