Saturday, July 25, 2026

महादेव बेटिंग ऐप मामला: 10 दिन की ED रिमांड के बाद विकास गर्ग जेल भेजे गए, पूछताछ में कई बड़े खुलासों का दावा

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार EBIX कंपनी के मालिक विकास गर्ग को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद शुक्रवार को PMLA की विशेष अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है।

पूछताछ में कई अहम खुलासों का दावा

सूत्रों के अनुसार, ED की 10 दिन की पूछताछ के दौरान विकास गर्ग से कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। जांच एजेंसी को ऐसे दस्तावेज और सबूत मिले हैं, जिनसे महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के कथित संचालक सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल से उनके करीबी संबंधों के संकेत मिले हैं।

बताया जा रहा है कि जांच में दोनों आरोपियों और उनकी पत्नियों के बैंक खातों में धन जमा कराने तथा कथित तौर पर महादेव ऐप से जुड़ी काली कमाई को वैध धन (White Money) में बदलने से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। इन तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में ED की ओर से और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार, विकास गर्ग विकास इकोटेक लिमिटेड, विकास लाइफकेयर लिमिटेड और एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के प्रमोटर हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के माध्यम से कथित अवैध धन का इस्तेमाल कर EbixCash में लगभग 64 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की गई।

इसी मामले में ED ने 14 जुलाई को दिल्ली स्थित उनके आवास से विकास गर्ग को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने उन्हें 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर भेजा था। अब रिमांड अवधि पूरी होने के बाद विशेष अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।