Saturday, July 11, 2026

महादेव सट्टा एप मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, 940.77 करोड़ की संपत्तियां जब्त

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महादेव सट्टा एप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास गर्ग और उनके परिवार के स्वामित्व व नियंत्रण वाली संस्थाओं की करीब 940.77 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्तियां जब्त की हैं।

ईडी की रायपुर जोनल इकाई ने यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की है। जब्त संपत्तियों में आवासीय संपत्तियां, जमीन, इक्विटी शेयर और अन्य सिक्योरिटीज शामिल हैं।

ईडी की जांच के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज के जरिए संचालित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि शेल कंपनियों और फर्जी लेन-देन के जरिए इस धन को वैध दिखाने का प्रयास किया गया।

ईडी ने बताया कि इस मामले में पहले ही करीब 2,825 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। ताजा कार्रवाई के बाद महादेव सट्टा एप प्रकरण में अब तक जब्त की गई कुल संपत्तियों का मूल्य करीब 3,800 करोड़ रुपये पहुंच गया है। मामले की जांच अभी जारी है।