महाराष्ट्र के कांग्रेस के लीडर और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के संगठन चुनाव अधिकारी हुसैन उमर दलवाई ने भाजपा और RSS के खिलाफ बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वे हिजाब विजाब का समर्थन नहीं करने वाले नहीं है और न ही कोई कम्यूनल हैं। पहले लड़कियों के पहनावे में अंतर था वो आज भी है। लेकिन, यहां सवाल हिजाब का नहीं, सवाल महिलाओं की शिक्षा का है। जो स्कूल यूनिफार्म है, उसे लीजिए। स्कूल सब संस्कृति का मिलन है। लड़कियां पढ़ रही हैं यह कुछ लोगों को अच्छा नहीं लगता। उन्होंने कहा कि RSS और भाजपा के लोग झूठ बोलना और हिंसा सिखाते हैं।
कांग्रेस के संगठन चुनाव 2022–2027 के छत्तीसगढ़ प्रदेश के निर्वाचन अधिकारी हुसैन उमर दलवाई रविवार को डिजिटल सदस्यता अभियान को लेकर बैठक में शामिल होने पहुंचे। बैठक से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भाजपा और RSS देश के अलग-अलग हिस्से करने का काम कर रहे हैं। अलग-अलग समाज के बीच बंटवारा कर रहे हैं। इसके साथ ही लाठी और हिंसा सिखाने का काम कर रहे हैं। हिंसा से देश में कोई राजनीति नहीं चली, लेकिन वे लोग हिंसा सिखाते हैं। हिंसा इस देश की परंपरा नहीं है। इसलिए गांधी सफल हुए। राष्ट्रवाद के नाम पर हिंदुत्ववाद सिखाते हैं। लेकिन, हम इससे अलग सिखाते हैं।











