केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक सत्र 2021-22 की मुख्य परीक्षाओं से पहले 10वीं व 12वीं के छात्रों की प्री-बोर्ड परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर ली है। प्री-बोर्ड परीक्षा के लिए बोर्ड ने प्रश्न पत्र के सैंपल पेपर विभागीय वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। प्री-बोर्ड की परीक्षा मार्च में होने वाली है। सीबीएसई के अनुसार संबद्ध सभी स्कूल अपने-अपने हिसाब से अलग-अलग तिथि में प्री बोर्ड परीक्षा आयोजित करेंगे।
कोरोना संक्रमण से मिल रही राहत को देखते हुए बोर्ड ने इस बार इस परीक्षा को ऑफलाइन लेगा। मूल्यांकन भी स्कूल के सब्जेक्ट टीचर ही करेंगे। खास बात यह है कि दो साल बाद विद्यार्थी अपने स्कूल में बैठकर परीक्षा देंगे। सीबीएसई ने अपने वेबसाइट पर हर विषयों के सैंपल पेपर अपलोड कर दिए हैं। इस सैंपल पेपर में सवाल के नंबर सिलेबस के हिसाब से तय किए गए हैं। अर्थात किस पाठ से कितने नंबर के प्रश्न बोर्ड परीक्षा में पूछे जाएंगे, यह पहले से ही विद्यार्थियों को वेबसाइट के माध्यम से बता दिया गया है।
इसी हिसाब से स्कूल हर विषयों का प्रश्नपत्र प्री-बोर्ड के लिए तैयार कर परीक्षा आयोजित करेगा। इधर प्री बोर्ड के बाद वार्षिक परीक्षा कराई जाएगी, जिसकी तारीख अभी तय नहीं हो पाई है। जिले के 6 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को सीबीएसई से मान्यता तो मिल गई है, लेकिन उस पैटर्न पर इन स्कूलों के विद्यार्थीयों को सत्र 2022-23 में ही पढ़ाई के साथ परीक्षा देनी होगी। इस बार माध्यमिक शिक्षा मंडल ही बोर्ड परीक्षा लेगा।
स्वामी आत्मानंद स्कूलों के प्री-बोर्ड प्रबंधन पर निर्भर
सीजी 10वीं व 12वीं में प्री-बोर्ड परीक्षा स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थियों की होगी। प्री-बोर्ड यहां अनिवार्य नहीं है, लेकिन स्कूलों को सालाना कैलेंडर के हिसाब से इसे आयोजित करने का उल्लेख है। जिन स्कूलों में कोर्स पूरा हो चुका है वैसे स्कूल प्री-बोर्ड परीक्षा फरवरी में आयोजित कर सकते हैं।
जिले में 24 स्कूलों से 4344 छात्र होंगे शामिल
जिले में सीबीएसई 10वीं व 12वीं में 4344 विद्यार्थी हैं। दसवीं में 2484 और बारहवीं में 1860 विद्यार्थी प्री-बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं सीजी स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में 10वीं व 12वीं के 480 विद्यार्थी हैं, जो प्री बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। सीजी बोर्ड की परीक्षा 2 व 3 मार्च से होगी।
जानिए… सैंपल पेपर में किस तरह की जानकारी
वेबसाइट पर अपलोड किए गए सैंपल पेपर एक तरह का प्रारूप है, जिसमें प्रश्न, उसके उत्तर लिखने का तरीका और उसके लिए मिलने वाले अंक की पूरी जानकारी दी गई है। इसके आधार पर ही परीक्षार्थियों को परीक्षा में उत्तर लिखने होंगे और उसी आधार पर उन्हें अंक दिया जाएगा। विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले किसी तरह का असमंजस न रहे, इसके लिए यह सैंपल पेपर एक माह पहले अपलाेड किया गया है।











