रूस-यूक्रेन जंग का आज 18वां दिन है। हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं। इस बीच यूक्रेन के पश्चिमी इलाके में लीव शहर के पास मौजूद एक मिलिट्री बेस पर रूस ने क्रूज मिसाइलें दागीं हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दागी गई मिसाइलों की संख्या 30 से भी अधिक है। इस हमले में 35 लोगों की मौत हुई है और 57 लोग घायल हुए हैं।
कीव पुलिस के मुताबिक, यूक्रेन के इरपिन में रूसी सेना ने एक अमेरिकी पत्रकार को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, एक दूसरा पत्रकार घायल है। ब्रिटिश अखबार द गार्जियन के मुताबिक, ये पत्रकार न्यूयॉर्क टाइम्स के लिए काम करते थे। लेकिन खुद न्यूयॉर्क टाइम्स ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है।
इस युद्ध के कारण मची भगदड़ से कोरोना महामारी की नई लहर शुरू होने की चेतावनी मेडिकल एक्सपर्ट्स ने दी है। इस नई लहर की चपेट में भारत समेत समूची दुनिया के आने की संभावना है, क्योंकि यूक्रेन से बड़े पैमाने पर इमरजेंसी हालात में लोगों को बिना कोविड टेस्ट के निकाला गया है या फिर उन्होंने भागकर दूसरे देशों में शरण ली है।











