सारागांव।नगर पंचायत सारागांव में रामनवमी के पावन अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। केशरवानी नगर सभा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीरामचंद्र जी की मनोहारी झांकी श्रद्धा और उत्साह का केंद्र बनी रही।
शोभायात्रा के दौरान कर्ष परिवार एवं उनकी मित्र मंडली ने श्रद्धा भाव से झांकी का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने तिलक लगाकर और शीतल पेय पदार्थ पिलाकर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया।
सारागांव की गलियों से होकर निकली यह झांकी आकर्षण का केंद्र रही। झांकी में श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के जीवन प्रसंगों को भावपूर्ण रूप से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। ढोल-नगाड़ों और भजनों की मधुर धुनों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
नगरवासियों ने शोभायात्रा का जगह-जगह फूल बरसाकर स्वागत किया और श्रद्धा से झांकी का दर्शन लाभ लिया। रामनवमी के इस आयोजन से पूरे नगर में धार्मिक ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।











