रायपुर. राजधानी में मासूम के साथ दुष्कर्म केस में महीनेभर में चालान पेश कर सजा दिलाकर सुर्खियों में आई तेलीबांधा पुलिस एक बार फिर चर्चा में है। इस बार दिव्यांग से दुष्कर्म केस में 26 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया और चार्जशीट तैयार कर कोर्ट में पेश किया है। यह मामला दिव्यांग को शादी का झांसा देकर लाखों रुपए हड़पने और दुष्कर्म का है। तेलीबांधा पुलिस ने केस दर्ज करने के 12 घंटे के भीतर आरोपी सत्येंद्र गिरी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। फिलहाल आरोपी सेंट्रल जेल रायपुर में बंद है। अफसरों का कहना है, दिव्यांग दुष्कर्म केस में 26 घंटे में चालान पेश करना राज्य का पहला मामला है, जिसमें इतनी तेजी के साथ आरोपी की गिरफ्तारी और चालान पेश किया गया है। ऑटो खरीदने के बहाने लिए दो लाख: पुलिस के मुताबिक आरोपी सत्येंद्र ने ऑटो रिक्शा खरीदने के बहाने 2 लाख रुपए लिए थे, लेकिन उसने ऑटो नहीं खरीदा। वापस पैसे मांगने पर उसने लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने दिव्यांग से शादी करने से भी इनकार कर दिया। इससे परेशान होकर उसने दो दिन पहले ही तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।