Friday, July 3, 2026

रिटायर्ड एवं कोरबा के पूर्व माईनिंग अधिकारी के निवास पर आईटी का छापा, शासकीय सेवा काल के दौरान अकूत संपत्ति हासिल करने का आरोप 

कोरबा (ईएमएस) गुरुवार तड़के रायपुर से आयकर की टीम बिलासपुर पहुँचकर तिफरा स्थित फ्लाई ओवर ब्रिज के पास प्रियदर्शनी नगर में निवासरत कोरबा के पूर्व माईनिंग अधिकारी एन.के. सुर के ठिकाने पर धावा बोला। रिटायर्ड माईनिंग अधिकारी एन.के. सुर खनिज भंडारण जिला कोरबा में लंबे समय तक पदस्थ रहे हैं, जिस दौरान उन पर गैर कानूनी तरीके से अकूत संपत्ति हासिल करने का आरोप लगा हैं। जिसके बाद उनका स्थानांतरण जांजगीर किया गया जहां मार्च 2022 में माईनिंग अधिकारी के पद से वे रिटायर्ड हुए।

बताया जा रहा है कि आयकर विभाग को पूर्व में शिकायत मिली थी कि कोरबा और जांजगीर में रहने के दौरान उन्होंने आय से अधिक संपत्ति बनाई है। जिसके बाद विभाग की इन पर लंबे समय से नजर थी और गुरुवार की तड़के 5 सदस्यीय टीम द्वारा बिलासपुर पहुँच प्रियदर्शनी नगर स्थित इनके निवास पर छापा मारा गया जहां बंद कमरे में जांच पड़ताल चल रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार अभी तक रिटायर्ड अधिकारी श्री सुर के निवास से जब्त बेमानी संपत्ति की जानकारी हासिल नही हो पायी है।