बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित डीपी विप्र लॉ कॉलेज में एक जूनियर छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने LLB फर्स्ट सेमेस्टर के छात्र तुषार दुबे पर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया। छात्र के प्रदर्शन में शामिल होने से इनकार करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और लात-घूंसों से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया है।
करीब 12 छात्रों ने छात्र को घेरा
जानकारी के मुताबिक, तुषार दुबे को महेश साहू, अखिलेश समेत करीब 12 छात्रों ने घेर लिया। आरोप है कि पहले प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर उस पर दबाव बनाया गया और मना करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।
वायरल वीडियो में कुछ छात्र तुषार के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एक शिक्षक द्वारा छात्र को मारपीट से बचाने की कोशिश करते हुए भी देखा जा रहा है। घटना के बाद कॉलेज के जूनियर छात्रों में डर का माहौल बताया जा रहा है।
शिक्षक से विवाद के बाद चल रहा था प्रदर्शन
बताया जा रहा है कि कॉलेज में किसी शिक्षक के साथ हुए विवाद के बाद कुछ छात्र उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इसी प्रदर्शन में तुषार को भी शामिल होने के लिए कहा गया था। तुषार ने प्रदर्शन में बैठने से इनकार कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद सीनियर छात्रों ने उसे घेर लिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट शुरू कर दी। छात्रों का कहना है कि किसी जूनियर को सीनियर होने के नाम पर दबाव में लेना और बात नहीं मानने पर उसके साथ मारपीट करना गंभीर मामला है।
पुराने छात्रों के भी शामिल होने का आरोप
मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। छात्रों का दावा है कि मारपीट करने वालों में कुछ ऐसे युवक भी शामिल थे, जिन्होंने कई साल पहले कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर ली है। आरोप है कि ये पूर्व छात्र अब भी कॉलेज परिसर में सक्रिय रहते हैं और वर्तमान छात्रों पर अपना प्रभाव बनाने की कोशिश करते हैं।
छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन से ऐसे बाहरी लोगों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। साथ ही पूरे मामले में रैगिंग के एंगल से भी जांच किए जाने की मांग उठी है।
पुलिस ने दर्ज की FIR
जांजगीर-चांपा निवासी पीड़ित छात्र तुषार दुबे की शिकायत पर पुलिस ने महेश साहू और अन्य साथियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल यह जांच का विषय है कि मारपीट में कितने लोग शामिल थे और आरोपियों में वर्तमान छात्रों के अलावा पूर्व छात्रों की क्या भूमिका थी। कॉलेज परिसर में छात्रों की सुरक्षा और रैगिंग से जुड़े पहलुओं को लेकर भी जांच की मांग की जा रही है।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ी हलचल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में छात्रों के बीच विवाद और मारपीट का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। कॉलेज के छात्रों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी जूनियर छात्र के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो।








