Monday, August 3, 2026

विधायक बनकर क्षेत्र का विकास और जनता की सेवा करने की तमन्ना-केदारनाथ अग्रवाल

कोरबा। कोरबा जिला अंतर्गत कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में सभी पार्टी के लोग वहां प्रत्याशी के रूप में अपनी-अपनी दावेदारी ठोंक रहे हैं लेकिन पार्टी की तरफ से किसी भी उमीदवार के नाम की घोषणा नहीं की गयी हैं। कहा जाता हैं कि इंसान अगर अच्छा हो और अगर उसका व्यवहार भी अच्छा हो तो एक अच्छे इंसान के अंदर एक समय के बाद समाज, शहर, देश के लिये सेवा-भाव की इच्छा जागृत हो जाती है खासकर तब जब वह एक आयु की दहलीज पार कर चुका हो।

आम मतदाताओं का कहना हैं की कोरबा जिले में भी एक ऐसी ही हंसमुख शख्सियत के धनी हैं केदारनाथ अग्रवाल, जो अपने पुत्रो के साथ व्यापार में हाथ बंटाने के साथ-साथ समाजसेवा के अलावा पत्रकारिता मे भी रुचि रखते हैं। वे एक दशक पहले एक न्यूज़ चैनल में ब्यूरो प्रमुख के पद पर कार्य करते हुए सामयिक घटनाओं पर पैनी नजर रखकर जन सेवा में दिलचस्पी दिखाते हुए भ्रष्टाचार पर तीखा प्रहार करते रहे हैं। आज वे एक सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़कर प्रमुखता से क्षेत्र की तमाम समस्याओं को जन पटल पर रखते हुए जिम्मेदारी का आइना दिखा रहे हैं। इसके साथ-साथ इनकी राजनीति में भी भारी लगाव और दिलचस्पी होने के कारण उनकी दिली तमन्ना हैं कि वह क्षेत्र का जनप्रतिनिधी बनकर विधायक के रूप में क्षेत्र के विकास में अपनी सहभागिता निभाकर क्षेत्र का समग्र विकास व जनता की सेवा करे।

* दो बार कटघोरा विधानसभा से लड़े चुनाव

कोरबा जिले के वरिष्ठ, कद्दावर, लोकप्रिय भाजपा नेता केदारनाथ अग्रवाल ने अविभाजित मध्य प्रदेश शासन काल में 1990 के चुनाव में कटघोरा विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर अपना लोहा मनवाया था, इस त्रिकोणी मुकाबले में इन्होंने 17126 वोट पाए और अपने निकटतम प्रतिद्वंदी जनता दल यूनाइटेड भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी मुरितराम साहू से लगभग 3000 वोटो से पीछे रहे, वही इस चुनाव में पहले स्थान पर कांग्रेस से स्व. श्री कृष्णा लाल जायसवाल ने जीत हासिल की, इसी तरह 1997 के विधानसभा चुनाव में इन्होंने फिर कटघोरा विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ा जिसमें इन्होंने 14992 मत प्राप्त किया दूसरे स्थान पर कांग्रेस से जयसिंह अग्रवाल और पहले स्थान पर भाजपा के बनवारी लाल अग्रवाल ने जीत हासिल की, सन 1998 में कोरबा शहर को जिले का दर्जा दिया गया हालांकि मध्यप्रदेश से अलग होकर 1 नवंबर 2000 में छत्तीसगढ़ का गठन हुआ और 2008 में कोरबा विधानसभा बनी।

* हंसमुख व्यक्तित्व के धनी

भाजपा के वरिष्ठ नेता केदारनाथ अग्रवाल एक हंसमुख मिजाज के धनी व्यक्ति के रूप में जाने-पहचाने जाते हैं इस उम्र में भी उनके अंदर एक युवा जैसी स्फूर्ति दिखती है। बुजुर्ग से लेकर युवा व बच्चों से हंसते-हंसाते हुए सबसे घुलमिल कर तनाव मुक्त रहना उनकी दिनचर्या में शामिल है, केदारनाथ अग्रवाल कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र के ग्राम रेलडबरी हरदीबाजार के मूल निवासी हैं इनका जन्म भी इसी गांव में हुआ है और प्रारंभिक शिक्षा भी इसी गांव से प्राप्त की है यही कारण है कि कटघोरा क्षेत्र में इनकी अच्छी पकड़ है और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में कटघोरा विधानसभा का चुनाव दो बार लड़कर पूर्व में वे अपना लोहा मनवा चुके हैं, लेकिन अब इन्हें बच्चों के व्यापार के कारण ज्यादातर शहर में रहना पड़ रहा है, वह वर्तमान में विगत कई वर्षों से भाजपा पार्टी से जुड़कर पार्टी की रीति-नीति पर चलते हुए पार्टी के कार्यों को बढ़ा रहे हैं लेकिन उनकी दिली तमन्ना है कि इस पड़ाव में अगर एक बार पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ने का मौका देती है तो विधायक बनकर क्षेत्र का विकास और मानव सेवा करने का धर्म वे निभा सके, यही कारण है कि उन्होंने 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कटघोरा विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी करते हुए भाजपा पार्टी से टिकट की मांग की है।

* पार्टी के मंथन में कटघोरा क्षेत्र से पहली पंक्ति में उनका नाम शामिल

विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल पार्टी कटघोरा सहित विधानसभाओं के तमाम दावेदारों का मंथन करते हुए मजबूत, प्रखर वक्ता, लोगों के बीच लोकप्रिय, क्षेत्र में अच्छी पकड़ रखने वाला, सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व, पार्टी और संगठन की रीति-नीति को मानने वाला, संगठन में निर्विवादित चेहरा आदि पर मंथन करते हुए पार्टी के पदाधिकारियों व पार्टी के गुप्त सूत्रों से प्रतिक्रिया ले जा रही है।

पार्टी सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार कटघोरा विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी करने वालों में से तीन लोगों में पार्टी के उच्च पदाधिकारियों ने भरोसा जताया है जिसे लेकर मंथन चल रहा है जिसमें से कटघोरा विधानसभा क्षेत्र से सबसे सशक्त और प्रबल दावेदार के रूप में केदारनाथ अग्रवाल पार्टी के उच्च, स्थानीय पदाधिकारियों व हाई कमान की नजरों में सबसे अग्र पंक्ति में बताये जा रहे हैं माना जा रहा हैं कि पार्टी उनपर भरोसा जताते हुए कटघोरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में केदारनाथ अग्रवाल को चुनाव मैदान में उतार सकती है।