Monday, May 11, 2026

शिक्षिका ने आरक्षक पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, गर्भपात कराने और धमकी देने की शिकायत

जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में एक शिक्षिका ने पुलिस आरक्षक पर दुष्कर्म, मानसिक प्रताड़ना और गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आरक्षक रूद्रमणी यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिक्षिका ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान आरक्षक से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने उसे झांसे में लेकर 28 अप्रैल 2023 को घूमने के बहाने सुनसान इलाके में ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।

महिला ने बताया कि वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने दवा खिलाकर दोनों बार गर्भपात करा दिया। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करता था और बड़े अधिकारियों से पहचान होने की धमकी देता था। साथ ही आपत्तिजनक फोटो वायरल कर बदनाम करने की कोशिश भी की गई।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 376(2)(एन) तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।