Thursday, March 12, 2026

सड़क सुरक्षा महीना: ‘नियम सिर्फ जनता के लिए?’ बिना हेलमेट बाइक चलाते दिखे मंत्री गजेंद्र यादव, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इन दिनों ‘सड़क सुरक्षा महीना’ (Road Safety Month) मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। लेकिन, शुक्रवार को इस अभियान की धज्जियां तब उड़ गईं जब प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव खुद बिना हेलमेट के बाइक चलाते नजर आए।

मंत्री जी ने न केवल नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि इसका वीडियो खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट भी कर दिया। इसके बाद से ही इंटरनेट पर उनकी जमकर किरकिरी हो रही है।

सोशल मीडिया पर क्यों फूटा गुस्सा?

मंत्री के इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। लोगों का सबसे बड़ा सवाल यह है कि “क्या ट्रैफिक नियम सिर्फ आम जनता की जेब ढीली करने के लिए हैं?” दुर्ग पुलिस, जो आम नागरिकों का चालान काटने में जरा भी देरी नहीं करती, वह एक कद्दावर मंत्री के उल्लंघन पर चुप है। इसी बात को लेकर यूजर्स ने तंज कसना शुरू कर दिया है।

बाहुबली वाले ‘लुक’ पर तंज

कुछ यूजर्स ने तो यहाँ तक कह दिया कि शायद मंत्री जी को डर था कि अगर हेलमेट पहन लिया, तो उनका ‘चांद सा मुखड़ा’ जनता को कैसे दिखेगा? सड़क सुरक्षा महीने के दौरान एक जिम्मेदार पद पर बैठे जनप्रतिनिधि द्वारा नियमों की ऐसी अनदेखी ने प्रशासन की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।