Surajpur में पिछले तीन दिनों से जारी कांग्रेस के हल्ला बोल आंदोलन का आखिरकार पटाक्षेप हो गया। प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच बनी सहमति के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री T. S. Singh Deo और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij ने अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, धरना स्थल पर पहुंचीं एसडीएम Shivani Jaiswal ने कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगों पर सहमति जताई और दोनों नेताओं से भूख हड़ताल खत्म करने का अनुरोध किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं की सहमति से टीएस सिंहदेव और दीपक बैज ने नारियल पानी पीकर अपना अनशन समाप्त किया।
दरअसल, कांग्रेस पिछले तीन दिनों से एक मामले में पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रही थी। कांग्रेस नेताओं की मांग थी कि जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों पर लगाए गए आर्म्स एक्ट को हटाया जाए और पूरे मामले में एकतरफा कार्रवाई करने वाले थाना प्रभारी को निलंबित किया जाए।
मंगलवार देर रात प्रशासन की ओर से समझौते की कोशिश तेज हुई। एसडीएम शिवानी जायसवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धरना स्थल पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से चर्चा की। यह बातचीत कार्यकर्ताओं और आम लोगों की मौजूदगी में खुलकर हुई।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस की एक मांग पूरी करते हुए दूसरे पक्ष के खिलाफ काउंटर एफआईआर दर्ज कर ली।
आखिरकार प्रशासन द्वारा मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाने के बाद माहौल शांत हुआ और तीन दिनों से जारी राजनीतिक हलचल खत्म हो गई। आंदोलन समाप्त होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे अपनी जीत बताया।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम पर प्रदेश की राजनीति में भी लगातार नजर बनी हुई थी।









