सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है, जहां चोरी के आरोप में दो युवकों को ग्रामीणों ने जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, छिंदिया गांव निवासी धनसाय (35) और मुकेश (25), जो खेती-किसानी का काम करते हैं, पर खेत से सबमर्सिबल पंप चोरी करने का आरोप है। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों को रंगे हाथों चोरी करते पकड़ा गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने कथित तौर पर सजा के रूप में उनके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई और चोरी का सामान पीठ पर लादकर पूरे गांव में घुमाया।
इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे मामला सामने आया। वीडियो में दोनों युवक पंप के साथ नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के वायरल होते ही पुलिस ने संज्ञान लेते हुए अमानवीय व्यवहार करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पीड़ित युवकों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि यदि जांच में मारपीट की पुष्टि होती है, तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एक महीने में दूसरी घटना
गौरतलब है कि पिछले एक महीने में यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले पस्ता गांव में चोरी के शक में एक युवक का आधा सिर मुंडवाकर, गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसकी पत्नी के साथ गांव में घुमाया गया था।
इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था और सामाजिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।









