कोरबा। जिले में नदी-नालों से रेत निकासी पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध उत्खनन का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। इसी अवैध गतिविधि से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा उरगा थाना क्षेत्र में सामने आया है। ग्राम मड़वारानी में सोन नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर लौट रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर में अवैध रूप से सोन नदी से रेत भरकर परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम मड़वारानी के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर में सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।










