कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा बुधवार को प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में धरसींवा विधायक एवं भाजपा नेता अनुज शर्मा ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक देश ने तानाशाही और दमन का दौर देखा, जिसमें नागरिक अधिकारों को कुचल दिया गया और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर दिया गया।
अनुज शर्मा ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सलाह पर राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने संविधान के अनुच्छेद 352 के तहत देश में आपातकाल लागू किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा इंदिरा गांधी के निर्वाचन को अवैध घोषित किए जाने के बाद सत्ता बचाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया।
उन्होंने कहा कि आपातकाल लागू होते ही देशभर में विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों की गिरफ्तारियां शुरू हो गई थीं। लोकनायक जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मोरारजी देसाई और जॉर्ज फर्नांडिस सहित हजारों नेताओं को जेल में बंद कर दिया गया था।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हुआ सबसे बड़ा प्रहार
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अनुज शर्मा ने कहा कि आपातकाल के दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया गया। अखबारों पर सेंसरशिप लागू कर दी गई, कई समाचार पत्रों की बिजली तक काट दी गई और पत्रकारों को जेल भेजा गया।
उन्होंने कहा कि हजारों समाचार पत्रों को जब्त किया गया तथा सैकड़ों पत्रकारों को मीसा कानून के तहत गिरफ्तार किया गया। मीडिया पर सरकारी दबाव बनाकर लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया, जो भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय है।
युवा पीढ़ी को जाननी चाहिए आपातकाल की सच्चाई
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को आपातकाल के दौरान हुई घटनाओं और लोकतंत्र पर हुए हमलों की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भारतीय जनता पार्टी लगातार जनजागरण अभियान चला रही है।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और पत्रकार
प्रेस वार्ता में महापौर संजूदेवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, जिला सह कोषाध्यक्ष नवीन अरोड़ा, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, जिला सह संयोजक सोशल मीडिया नीरज ठाकुर, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, योगेश मिश्रा एवं राकेश नागरमल अग्रवाल सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।












