आधी रात इंसानियत की मिसाल: जंगल में लावारिस मिला नवजात, ग्रामीणों ने बचाई जान

सुकमा। जिले के एक गांव में आधी रात इंसानियत की मिसाल देखने को मिली, जब जंगल से आ रही रोने की आवाज ने ग्रामीणों को चौंका दिया। अंधेरे और सूनसान इलाके में एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा मिला।

आवाज सुनते ही गांव की महिलाएं और युवक बिना देर किए मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित गांव लेकर आए। सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधि भी सक्रिय हो गए और रात में ही एम्बुलेंस की व्यवस्था कर स्वास्थ्य अमले को अलर्ट किया गया।

खुले में पड़े रहने के कारण नवजात को कीड़े-मकोड़ों ने काट लिया था और उसकी हालत चिंताजनक हो सकती थी। समय पर मदद न मिलती तो शिशु की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल सुकमा में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया है। चिकित्सकों के अनुसार शिशु की हालत फिलहाल स्थिर है और उसे निगरानी में रखा गया है।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने नवजात को इस हालत में छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।