Tuesday, September 29, 2026

आमने-सामने भिड़ी बाइक, 2 युवकों की मौत:कवर्धा और बेमेतरा जिले के रहने वाले थे दोनों मृतक, एक युवक हुआ घायल

बेमेतरा जिले में रविवार को तेज रफ्तार 2 बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई है। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक में सवार 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें से एक बेमेतरा जिले का तो वहीं दूसरा युवक कवर्धा का रहने वाला था। इस हादसे में एक युवक भी गंभीर रूप से घायल है जिसे 108 की मदद से अस्पताल लाया गया है। जहां उसका इलाज जारी है। मामला बेमेतरा सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, जिले के देवरबीजा के पास हड़गांव में यह हादसा हुआ है। कवर्धा का रहने वाला युवक राजेंद्र वर्मा (22) बाइक में सवार होकर साजा की तरफ आ रहा था। वहीं विपरीत दिशा से दूसरा युवक जगदीश निषाद (50) एक अन्य युवक कन्हैया ध्रुव के साथ देवरबीजा की तरफ जा रहा था। इस बीच देवरबीजा के पास दोनों बाइकों में भिड़ंत हो गई। जिसके बाद दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया।