ऊर्जाधानी में दिन के साथ अब रात का तापमान भी हुआ गर्म, शाम ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं

कोरबा। ऊर्जाधानी में रिकार्ड तोड़ गर्मी कहर बरपा रही है। दिन के साथ अब रात का तापमान भी गर्म हो गया है। ऐसे में लू से बचने जरूरी उपाय अपनाने की जरूरत है। दोपहर में घर से बाहर निकलना पड़े तो चेहरे को स्कार्फ से जरूर ढंककर निकलें। गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप निकली। दिन चढऩे के साथ धूप भी तीखी और तेज हो गई। दोपहर के समय लोगों ने गर्म हवा के थपेड़े महसूस किए। वहीं इसके बाद मौसम में बदलाव देखा गया। आसमान में बदली छायी रही। सूर्यास्त होने के बाद भी शाम 6 बजे का तापमान 38 डिग्री पर रहा। वहीं अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार है। न्यूनतम तापमान भी अब लगातार बढ़ रहे हैं, इसलिए दिन के साथ अब रात में भी गर्मी लग रही है। तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी से लोगों को हीट वेव का सामना करना पड़ रहा है।