पिथौरा। महासमुंद जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अवैध मादक पदार्थों के परिवहन के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए तस्करी नेटवर्क की कमर तोड़ दी है। पिछले 48 घंटों में नारकोटिक एक्ट के तहत 5 अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए टीम ने कुल 45 लाख 46 हजार रुपये कीमत का 90.920 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल कार, मोटरसाइकिल और स्कूटर सहित कई वाहन भी जब्त किए गए हैं।
पहले प्रकरण में 38 किलो गांजा जब्त
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने पहले प्रकरण में सिंघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत 19 लाख रुपये मूल्य का 38 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इस मामले में गांजा परिवहन में इस्तेमाल दो कारों को भी जब्त किया गया है। तस्कर ओडिशा के फुलबनी से राजस्थान के झालावाड़ गांजा ले जा रहे थे। पुलिस ने मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के निवासी तीन आरोपियों—जगदीश डांगी (30), कैलाश डांगी (27) और राजेश डांगी (27)—को गिरफ्तार किया है।
दूसरे प्रकरण में 30.920 किलो गांजा बरामद
दूसरे मामले में 15 लाख 40 हजार रुपये कीमत का 30 किलो 920 ग्राम गांजा जब्त किया गया। गांजा एक कार के जरिए ओडिशा के गंजाम जिले के ब्रह्मपुर से रायपुर लाया जा रहा था। इस मामले में राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर निवासी अंकित कुमार शर्मा (27) और ओडिशा के गंजाम जिले के केदुपातर निवासी अजय कुमार बेहरा (26) को गिरफ्तार किया गया है।
स्कूटर और बाइक से हो रही थी तस्करी
तीसरे प्रकरण में बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्कूटर के जरिए ओडिशा के फुलबनी से बिलासपुर जिले के मल्हार गांजा ले जाया जा रहा था। पुलिस ने 1 लाख 50 हजार रुपये कीमत का 3 किलोग्राम गांजा जब्त कर बिलासपुर निवासी आदित्य उर्फ वीरू पाटले (24) और लकी टंडन (19) को गिरफ्तार किया।
चौथे प्रकरण में पिथौरा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल के जरिए ओडिशा के सोनपुर से मध्यप्रदेश के आगम मालवा गांजा ले जाया जा रहा था। इस दौरान 5 लाख रुपये मूल्य का 10 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने मालवा (मध्यप्रदेश) निवासी कृपाल सिंह (37) और रायपुर निवासी सागर धीवर (19) को गिरफ्तार किया।
पांचवें प्रकरण में कोरबा भेजा जा रहा था गांजा
पांचवें मामले में बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोटरसाइकिल से ओडिशा के बैतालभंटा, लखमारा से कोरबा गांजा ले जाया जा रहा था। पुलिस ने 4 लाख 50 हजार रुपये कीमत का 9 किलोग्राम गांजा जब्त करते हुए कोरबा निवासी मुमताज पति समीर खान (40) और साहिल मसीह (22) को गिरफ्तार किया है।
तस्करी नेटवर्क पर कसा शिकंजा
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांजा सप्लाई चैन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।








