Tuesday, June 30, 2026

एकनाथ के स्वागत में पत्नी ने बजाया ढोल:CM बनने के बाद पहली बार ठाणे पहुंचे थे शिंदे; समर्थकों ने बारिश में किया इंतजार

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने के बाद एकनाथ शिंदे मंगलवार को पहली बार अपने गृहनगर ठाणे पहुंचे। यहां ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। यह स्वागत खास इसलिए था, क्योंकि उनकी पत्नी लता एकनाथ शिंदे ने भी ढोल बजाकर अपनी खुशी जाहिर की।

शिंदे मंगलवार रात करीब 9.30 बजे ठाणे पहुंचे। वहां उनके समर्थकों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और उनकी कार पर फूल बरसाकर स्वागत किया। लोग उनसे मिलने के लिए कई घंटे बारिश में खड़े रहकर इंतजार करते रहे। शिंदे जैसे ही ठाणे पहुंचे समर्थकों ने बैंड बजना शुरू हुआ। ढोल बजाते वक्त शिंदे की पत्नी की एनर्जी और चेहरे की खुशी देखने लायक थी। इस इवेंट का वीडियो वायरल हो रहा है।

शिंदे ने आनंद दिघे शक्तिस्थल और आनंद आश्रम पर शिवसेना के दिग्गज नेता आनंद दिघे को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे के खिलाफ उन्होंने सिर्फ इसलिए बगावत की क्योंकि वे शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की विचारधारा में यकीन रखने वाले लोगों को न्याय दिलाना चाहते थे।