
पेट्रोलियम कंपनियों ने रसोई गैस का दाम एक बार फिर बढ़ा दिया है। अब यह 50 रुपए अधिक कीमत पर मिलेगा। रायपुर में अभी तक 14.2 किलोग्राम घरेलू रसोई गैस की कीमत एक हजार 74 रुपए थी। बुधवार से ही नई दर से एक हजार 124 रुपए की कीमत पर सिलेंडर मिलने लगा है। अब से ठीक एक साल पहले यानी जुलाई 2021 में यही सिलेंडर केवल 906 रुपए में उपलब्ध था।
बताया जा रहा है कि पिछले 12 महीनों में रसोई गैस की कीमतों में 218 रुपए का इजाफा हो चुका है। रायपुर के रसोई गैस की कीमतों पर नजर डालें तो जुलाई 2021 में इसकी कीमत 906 रुपए थी। अगस्त में इसमें 25 रुपए की बढोत्तरी की गई। सितंबर में इसकी कीमत में 25 रुपए और जुड़ गए। अक्टूबर 2021 में 15 रुपए का इजाफा हुआ। नवम्बर 2021 से मार्च 2022 तक कीमतें लगभग स्थिर बनी रहीं।
अप्रैल 2022 में रसोई गैस की कीमतों में 77 रुपए और मई में 53 रुपए का इजाफा किया गया। वहीं अब तक एक सिलेंडर एक हजार 24 रुपए में उपलब्ध था। रायपुर में गैस एजेंसी के संचालक आशीष वाजपेयी ने बताया, आज से एक हजार 124 रुपए में घरेलू रसोई गैस का सिलेंडर मिलेगा। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। उन्होंने कहा, कंपनियों ने पिछले दो महीनों में लगातार कीमतें बढ़ाई हैं।
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, रसोई गैस की कीमतों में 50 रुपए की वृद्धि जनता के साथ विश्वासघात है, अत्याचार है। जबसे देश में मोदी सरकार आई है, उसने रसोई गैस के दाम में लगभग 250 गुना की वृद्धि की है। मोदी सरकार से पहले जो रसोई गैस 400 रुपए में मिलती थी अब उसकी कीमत सवा 1100 रुपए हो जाएगी। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अपनी गलत नीतियों की वजह से लगातार जनता के ऊपर महंगाई का बोझ डाल रही है। खाद्य तेलों के दाम बढ़ गए, पेट्रोल-डीजल की कीमत 100 रुपए के पार हो गई। रसोई गैस के दाम तो गृहिणियों की पहुंच से दूर ही हो गए हैं।









