Wednesday, March 25, 2026

एसीबी की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते तहसील का बाबू गिरफ्तार, प्रदेश में 4 आरोपी पकड़े गए

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांजगीर-चांपा जिले में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता, उप अभियंता, कंप्यूटर ऑपरेटर और नगर पंचायत के एक बाबू को गिरफ्तार किया गया, वहीं अंबिकापुर में तहसील कार्यालय के सहायक ग्रेड-2 को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।

एसीबी का डर दिखाकर मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय दरिमा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 अनिल कुमार गुप्ता ने शिक्षा विभाग के कर्मचारी को एसीबी कार्रवाई का डर दिखाकर 2 लाख रुपये की मांग की थी। आरोपी ने दावा किया था कि उसका रिश्तेदार एसीबी में पदस्थ है और वह मामले को रफा-दफा करवा देगा।

1 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया। इसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। तय योजना के तहत आरोपी ने प्रार्थी को अंबिकापुर स्थित जिला ग्रंथालय के पास बुलाया। जैसे ही प्रार्थी ने 1 लाख रुपये से भरा लिफाफा आरोपी को दिया और उसने उसे अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखा, तभी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

कोई शिकायत नहीं, झूठ बोलकर ठगी की कोशिश
जांच में यह सामने आया कि प्रार्थी के खिलाफ एसीबी में कोई शिकायत दर्ज नहीं थी और न ही आरोपी का कोई रिश्तेदार एसीबी में कार्यरत है। आरोपी ने झूठा डर दिखाकर स्वयं के लिए रिश्वत की रकम मांगी थी।

कानूनी कार्रवाई जारी
एसीबी ने आरोपी के पास से 1 लाख रुपये बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) और भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।