
कानपुर के बेकनगंज में हुई हिंसा में अब तक 3 FIR दर्ज हो चुकी हैं। दो FIR पुलिस ने दर्ज की हैं। एक यतीमखाना के पास चंदेश्वर हाते में रहने वाले लोगों ने दर्ज करवाई है। तनावपूर्ण स्थिति के बीच रात 2 बजे यतीमखाना की सड़क पर पुलिस कमिश्नर और डीएम ने फ्लैग मार्च किया। घरों में दबिश देकर संदिग्ध उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस कमिश्नर विजय मीणा ने बताया कि अब तक 36 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हमें अभी तक जो फोटो और वीडियो मिले हैं उसके जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। 40 नामजद और 1000 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि कानपुर हिंसा में कई ‘सफेदपोश’ जांच के दायरे में हैं। सफेदपोशों ने सियासी लाभ लेने की साजिश रची थी। घटना के 24 घंटे पहले की कॉल डिटेल्स कुछ सफेदपोशों की पुलिस खंगाल रही है। बुलडोजर की कार्रवाई के खौफ से गिरफ्तार लोग हिंसा के पीछे की वजह कबूल दे रहे हैं। उधर, अन्य इलाकों में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। युवाओं के जमावड़े वाली जगह पर कुछ बवाल हुआ तो इसके जिम्मेदार थानेदार होंगे।
हिंसा में शामिल लोगों की प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलाया जा सकता है। दरअसल, CM योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर देर रात हाई लेवल मीटिंग के बाद यह आदेश दिया है। 3 जून को बेकनगंज इलाके के यतीमखाना बाजार में जुमे की नमाज के बाद करीब 1,000 लोगों ने 5 घंटे तक उपद्रव किया। पथराव, तोड़फोड़ करते हुए दुकानों को लूट लिया गया। पुलिस को उन्हें रोकने लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।








