रतनपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घासीपुर के पास शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया, जब कास्टिक केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। टैंकर पलटते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए किसी भी प्रकार की जनहानि से इनकार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टैंकर मध्य प्रदेश से कास्टिक केमिकल लेकर झारसुगुड़ा की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन तेज रफ्तार में था और घासीपुर के पास एक मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे टैंकर असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया।
दुर्घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और केमिकल रिसाव की आशंका से लोग घरों से बाहर निकल आए। टैंकर पलटने की तेज आवाज से आसपास के गांवों में भी भय का माहौल बन गया। कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा और वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। एहतियातन आम नागरिकों को टैंकर से दूर रहने की हिदायत दी गई। साथ ही संबंधित परिवहन कंपनी और आपदा प्रबंधन दल को भी सूचना दी गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।








