किराए के मकान से सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, एजेंट और ग्राहक गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केलो विहार कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। चक्रधर नगर थाना पुलिस ने खुद कस्टमर बनकर जाल बिछाया और मौके पर छापा मारकर एजेंट समेत एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के केलो विहार कॉलोनी में एक मकान में देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।

रविवार रात पुलिस का एक जवान कस्टमर बनकर पैसे के साथ मकान के अंदर भेजा गया। वहां उसकी मुलाकात डिंपी इजारदार नाम के एजेंट से हुई। जवान द्वारा सेक्स वर्कर की मांग करने पर देह व्यापार की पुष्टि होते ही उसने बाहर मौजूद टीम को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल मकान को चारों ओर से घेरकर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान मकान के अलग-अलग कमरों से 20 से 30 वर्ष की उम्र की तीन युवतियां बरामद की गईं। पकड़ी गई युवतियां ओड़िशा, बिलासपुर और लैलूंगा की रहने वाली बताई जा रही हैं। वहीं मौके से नागेंद्र विश्वकर्मा (35) नामक एक ग्राहक भी मिला। कमरे की तलाशी में पुलिस को कंडोम समेत आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।

जांच में सामने आया कि उक्त मकान संतोष सोनी का है, जिसे किराए पर दिया गया था। आरोपी डिंपी इजारदार पिछले करीब एक साल से उस मकान में रहकर दूसरे प्रदेश और जिलों से युवतियां बुलाकर देह व्यापार करा रहा था।

पुलिस ने एजेंट डिंपी इजारदार और ग्राहक नागेंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बरामद युवतियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।