Tuesday, July 21, 2026

केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष श्री केदारनाथ अग्रवाल के प्रथम आगमन पर कोरबा क्षेत्र में हुआ भव्य स्वागत

कोयला मजदूर सभा, कोरबा क्षेत्र के द्वारा आज बाँकी मोगरा स्थित मिश्रा मैरिज गार्डन में संगठन के केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी, कोरबा संभाग, माननीय श्री केदारनाथ अग्रवाल जी के प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर कोयला मजदूर सभा, कोरबा क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री अजीत पाण्डेय जी एवं महामंत्री श्री सुरेंद्र मिश्रा जी के नेतृत्व में कोरबा क्षेत्र के समस्त पदाधिकारियों एवं कर्मठ सदस्यों ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर माननीय अध्यक्ष महोदय का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय सचिव श्री रामांशु पांडेय जी, श्री गिरजा साहू जी – जे.सी.सी. सदस्य, गेवरा एवं दीपका क्षेत्र तथा श्री राजेश सिंह जी – वेलफेयर सदस्य, गेवरा क्षेत्र की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बैठक को संबोधित करते हुए आदरणीय श्री नाथूलाल पाण्डेय जी – केंद्रीय महामंत्री, कोयला मजदूर सभा के दिशा-निर्देशों एवं श्री बजरंगी शाही जी के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए श्री केदारनाथ अग्रवाल जी एवं श्री रामांशु पांडेय जी ने आगामी सदस्यता सत्यापन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान श्री गिरजा साहू जी, श्री सुरेंद्र मिश्रा जी एवं श्री अजीत पाण्डेय जी ने भी अपने उद्बोधन में संगठन को सशक्त बनाने, एकता बनाए रखने एवं “सुदृढ़ सदस्यता अभियान” को सफल बनाने पर विशेष जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर संगठन की मजबूती के लिए कार्य करना होगा।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक श्रमिक भाइयों को संगठन से जोड़कर कोयला मजदूर सभा को सर्वोच्च स्थान पर पहुंचाने में अपना योगदान दें।

कार्यक्रम में कोरबा क्षेत्र के सैकड़ों पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने एकजुटता के साथ संगठन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।