Friday, May 15, 2026

कोरबा। चरित्र संदेह में पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, आरोपी पति ने थाने पहुंचकर कबूला जुर्म

कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के बरहामुड़ा धरसापारा गांव में चरित्र संदेह को लेकर एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस के अनुसार मृतका पूर्णिमा यादव (32) गुरुवार सुबह मजदूरी और घरों में काम कर वापस घर लौटी थीं। इसी दौरान पति रामाशंकर यादव से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में पूर्णिमा यादव के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका और आरोपी के तीन छोटे बच्चे हैं, जो अब मां की मौत और पिता की गिरफ्तारी के बाद बेसहारा हो गए हैं।

ग्रामीणों और पड़ोसियों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्णिमा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थीं, जबकि आरोपी शराब पीने का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था।

हत्या के बाद रामाशंकर यादव सीधे पाली थाना पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर गांव पहुंची और जांच शुरू की गई।

नागेश तिवारी ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ में उसने चरित्र संदेह के चलते हत्या करने की बात स्वीकार की है।