कोरबा, 11 अप्रैल 2025। एसईसीएल गेवरा खदान के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कोयले की चोरी पर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कोयला खदानों में हाई सिक्योरिटी के बावजूद हो रही चोरी पर केंद्र का नहीं, बल्कि राज्य सरकार का अधिकार क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर राज्य सरकार के अधीन आता है और इस विषय पर वे मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे।
दरअसल, गेवरा खदान में हाल ही में हुए गैंगवार और डीजल चोरों की सक्रियता ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, कोल माफिया प्रबंधन से साठगांठ कर काले हीरे की खुलेआम तस्करी कर रहे हैं।
जनता सवाल कर रही है कि जब सुरक्षा गार्ड ही चोरों के साझेदार बन जाएं, तो सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है? कोयला खदानें मानो अब ‘माल-ए-मुफ्त’ बन चुकी हैं, जहां से नेता-अफसर मनमानी कर रहे हैं और आमजनता को सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।
बहरहाल, हाई सिक्योरिटी और तमाम सरकारी दावों के बावजूद कोरबा की कोयला खदानों में लूट जारी है और जिम्मेदार एक-दूसरे पर दोषारोपण कर पल्ला झाड़ने में लगे हैं।







