कोरबा। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पुराना पहंदा के पास मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोरबा की ओर से आ रहा कोयला लोड ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया, जिसके बाद वाहन में भीषण आग लग गई।
घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा देखते ही देखते आग की चपेट में आ गया। आग तेजी से फैलती गई और कुछ ही देर में वाहन का इंजन और सामने का हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली। इस कारण बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि ट्रेलर घंटों तक धू-धू कर जलता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहत टीम मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में ट्रेलर के टायर और कई हिस्से पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
अंधेरे ने बढ़ाई दुर्घटना की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा-चांपा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइटें अक्सर बंद रहती हैं, जिससे रात में सड़क पर अंधेरा रहता है। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया और यह हादसा हुआ।
हालांकि इस भीषण दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर बेहतर लाइट व्यवस्था करने की मांग की है।









