Tuesday, May 12, 2026

तमिलनाडु में 717 शराब दुकानों पर कार्रवाई के निर्देश, सीएम विजय के फैसले से हलचल

तमिलनाडु। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पदभार संभालते ही बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए राज्यभर में नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रही 717 शराब दुकानों को बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। इस फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मंदिर, मस्जिद, चर्च, स्कूल और बस स्टैंड के 500 मीटर के दायरे में संचालित दुकानों की पहचान की गई है, जिन्हें अगले 14 दिनों के भीतर बंद करना अनिवार्य होगा।

तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन (TASMAC) के तहत राज्य में कुल 4,765 शराब दुकानें संचालित हैं। विशेष जांच में कई दुकानों के नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है, जिसके बाद यह कार्रवाई की जा रही है।

इस निर्णय को लेकर राज्य में जहां एक ओर प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं और छात्रों के बीच इसे राहत भरा कदम बताया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर भी यह मामला चर्चा में है और मुख्यमंत्री विजय के इस फैसले को उनके कार्यकाल की एक बड़ी शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।