
कोरबा। टीपी नगर स्थित एक शराब दुकान में भीड़ का फायदा उठाकर पॉकेटमारी कर रहे युवक को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी शराब दुकान में मौजूद लोगों के पैसे चुरा रहा था, तभी उसकी हरकतों पर नजर पड़ी। गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के दौरान उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक भीड़ बढ़ने का इंतजार करता था और फिर उसमें शामिल होकर लोगों की जेब से पैसे निकाल लेता था। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में स्वीकार किया कि यह गिरोह लंबे समय से भीड़भाड़ वाले इलाकों और शराब दुकानों के आसपास पॉकेटमारी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। इस घटना में जहां एक युवक पकड़ा गया, वहीं उसके तीन साथी फरार होने में सफल रहे।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम अजय कुमार बताया है, जो सीतामढ़ी के शनि मंदिर के पास का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि वह बैंड पार्टी में काम करता है और अपने दोस्तों के साथ कोरबा आया था। वारदात के बाद उसके साथी मौके से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर चौकी ले गई। पुलिस ने पीड़ितों को भी चौकी बुलाया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके फरार साथियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि टीपी नगर स्थित शराब दुकान के बाहर पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दुकान बंद होने के बाद भी यहां शराब लेने पहुंचने वाले लोगों के कारण अक्सर विवाद और मारपीट की स्थिति बनती रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।








