कोरबा। जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दिनों में 76 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत चलाए गए विशेष अभियान में 50 गिरफ्तारी वारंट और 26 स्थायी वारंट तामील किए गए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में सघन दबिश दी गई। 27 और 28 अप्रैल को की गई कार्रवाई में लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पहले से वारंट जारी होने के बावजूद फरार चल रहे थे। योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर इनकी गिरफ्तारी की गई।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।









