कोरबा 15 नवंबर 2021(BCC NEWS 24): कोरबा जिले में 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोरोना का टीका लगाने की तैयारी कर ली गई है। जिले में एक साथ एक दिन में एक लाख लोगों को कोविड टीका लगाने के लिए 18 नवंबर को टीकाकरण का महाभियान चलेगा। इस दिन पहले से बने सभी टीकाकरण केन्द्रों सहित मोबाइल यूनिटों के माध्यम से भी लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। नए साल के पहले दिन तक जिले में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों का शत-प्रतिशत कोविड टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने आज स्वास्थ्य, राजस्व, खनिज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और सभी सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। बैठक में 18 नवंबर को कोविड टीकाकरण महाभियान के लिए कार्ययोजना तैयार की गई और सभी से इस कार्ययोजना अनुसार काम करते हुए एक लाख से अधिक लोगों का एक दिन में टीकाकरण कराने मे सहयोग करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। इस बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री कुलदीप शर्मा, जिला पंचायत के सीईओ श्री नूतन कंवर, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक सहित सीएमएचओ डॉ. बी. बी. बोडे और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कुमार पुष्पेश भी मौजूद रहे।









