Thursday, May 21, 2026

कोरबा में घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों से मारपीट, पुरानी रंजिश में बदमाशों का तांडव

कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी इलाके में मंगलवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर जमकर बवाल हो गया। 15 से 20 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपियों की बर्बरता साफ दिखाई दे रही है।

जानकारी के अनुसार बदमाश लाठी-डंडों से लैस होकर सीतामढ़ी निवासी Naina Goswami के घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर का दरवाजा तोड़ा और फिर जबरन अंदर घुसकर परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान नैना गोस्वामी, उसकी बहन, बच्चों और जीजा के साथ मारपीट की गई। महिलाओं के साथ अभद्रता किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

वायरल वीडियो में पीड़िता नैना गोस्वामी लहूलुहान हालत में दिखाई दे रही हैं। पीड़िता का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। हमले में नैना गोस्वामी और उनकी बहन को गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत कोरबा कोतवाली थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।