कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दर्री थाना क्षेत्र के लाटा बस्ती में एक महिला ने अपने ही पति को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद महिला ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन उसके मासूम बच्चों के बयान ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला ने पति को जहर देने के बाद इलाज के बहाने उसे अस्पताल पहुंचाया। शुरुआत में मामला संदिग्ध आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन जांच के दौरान बच्चों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी मां को पिता को जहर देते हुए देखा है। बच्चों के इस अहम बयान के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और अस्पताल से ही आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में महिला ने पति की हत्या करना कबूल कर लिया है। आरोपी महिला ने बताया कि उसका किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध था, जिसके चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब महिला के प्रेमी की तलाश में जुट गई है। इस संबंध में एक विशेष टीम रायगढ़ रवाना की गई है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
इलाके में हड़कंप, सख्त कार्रवाई के संकेत
इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










